देहरादून,,, सहस्रधारा में बृहस्पतिवार को नहाते वक्त दिल्ली के तीन कांवड़िये तेज बहाव में बह गए। इनमें दो की मौत
Himanshu Giri Haridwar
देहरादून सहस्रधारा में गुरुवार को नहाते वक्त दिल्ली के तीन कांवड़िये तेज बहाव में बह गए। इनमें दो की मौत हो गई। एक को बचा लिया गया। घायल को उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजपुर थानाध्यक्ष PD भट्ट ने बताया कि दिल्ली के सुल्लतानपुरी इलाके के निवासी कई कांवड़िये गुरुवार दोपहर सहस्रधारा पहुंचे। करीब तीन बजे वह वहां नहा रहे थे।
इस दौरान सहस्रधारा में बहाव काफी तेज था। नहाते वक्त इनमें एक का पैर फिसला। वह पानी में बहने लगा। दो साथी बचाने को नदी में कूदे। तीनों तेज बहाव में बहने लगे। इनमें एक ने कुछ दूरी पर पत्थर पकड़कर खुद को बचाया।
जबकि, दो दूर तक बहते चले गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पहले पत्थर के सहारे फंसे युवक को निकाला। उसे गंभीर हालत में कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद अन्य दो की तलाश की गई। वह सहस्रधारा से काफी आगे मिले जहां नदी चौड़ी होने पर बहाव हल्का हो जाता है। वहां से अस्पताल भिजवाया गया तो चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की शिनाख्त इंदरपाल पुत्र रामसुख निवासी ई ब्लॉक, सुलतानपुरी दिल्ली और भूपेंद्र सिंह राणा पुत्र लाल सिंह निवासी अमन विहार, सुलतानपुरी दिल्ली के रूप रूप में हुई।
दोनों साथियों की मौत के बाद उनके साथ अन्य कांवड़ियों में शोक की लहर दौड़ गई। घायल की पहचान मनोज निवासी सुलतानपुरी, दिल्ली के रूप में हुई। आईटी पार्क चौकी इंचार्ज शोयब अली ने बताया कि दोनों मृतकों के शव पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए।
