भीड़ और जाम से निजात दिलाने के लिए हरिद्वार में बन सकती है 10 किलोमीटर लंबी सुरंग

0

अशोक गिरी हरिद्वार

हरिद्वार  में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे प्रोजेक्ट हो या चारधाम सड़क परियोजना. सफर को आसान और सुगम बनाने के लिए सुरंगें बनाई जा रही है. अगर ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन की बात करें तो ट्रेन ज्यादातर सुरंगों से होकर गुजरेगी. उम्मीद जताई जा रही है कि साल 2028 तक इस परियोजना को पूरा कर लिया जाएगा. वहीं, अब उत्तराखंड में एक और टनल बनाने का प्रस्ताव केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को भेजा गया है. खास बात ये है कि यह टनल पहाड़ में नहीं, बल्कि तराई में बनाने की कवायद की जा रही है.

हरिद्वार में मनसा देवी पर्वत के नीचे से सड़क के दबाव को कम करने के लिए एक सुरंग बनाने का प्रस्ताव सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दिया है. इस टनल के माध्यम से शहर की भीड़ को रायवाला मोतीचूर तक भेजा जा सकेगा. इस दिशा में त्रिवेंद्र सिंह रावत लगातार केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से बात कर रहे हैं.

हरिद्वार  में लगातार भीड़ का दबाव बढ़ता जा रहा है. शहर में लगने वाले मेले हों या चारधाम यात्रा या फिर कोई खास पर्व. लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है. इसके साथ ही चामधाम के सिलसिले में आने वाले यात्रियों की वजह से भी भीड़ देखने को मिल रही है. ऐसे में रोजाना नेशनल हाईवे के साथ शहर की सड़कों पर भी लंबा जाम लगता है.

भीड़ और जाम से जनता को निजात दिलाने और शहर में गाड़ियों का दबाव कम करने को लेकर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नितिन गडकरी से बातचीत की है. यह बातचीत हरिद्वार में करीब 10 किलोमीटर लंबी सड़क सुरंग बनाने को लेकर हुई है. पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत की मानें तो इस सुरंग के बनने से शहर के लोगों को काफी फायदा होगा और देहरादून जाने वाले लोगों को भी भीड़ से अलग निकाला जा सकेगा.

सांसद त्रिवेंद्र रावत का कहना है कि अभी इस दिशा में बहुत काम होना बाकी है. अभी यह बातचीत शुरुआती दौर की है. जैसे ही केंद्र सरकार से इस प्रोजेक्ट के लिए हरी झंडी मिलती है, वैसे ही सभी पहलुओं पर काम किया जाएगा. जिसके तहत भू सर्वे से लेकर डीपीआर तैयार किया जाएगा. साथ ही टनल को किस दिशा से निकाला जा सकता है, उसका भी अध्ययन किया जाएगा.

हरिद्वार में जो टनल को बनाने की बात सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत कह रहे हैं, उस टनल का रूट टीबीडी फाटक या भेल से होते हुए मनसा देवी के नीचे से मोतीचूर तक पहुंचाने का है. हालांकि, अभी इस पूरे क्षेत्र में भूस्खलन की घटनाएं भी काफी होती हैं. इसी पहाड़ के नीचे से गुजरने वाली रेल लाइन की सुरंग भी भूस्खलन की वजह से कई बार प्रभावित होती है.

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!