आसन नदी में छोड़ा जा रहा शीशमबाड़ा कंपोस्ट प्लांट का जहरीला पानी, कंपनी पर पहले भी लग चुका है 10 लाख का जुर्माना

0

नगर निगम देहरादून के शीशमबाड़ा स्थित कंपोस्ट प्लांट से दूषित पानी आसन नदी में छोड़ा जा रहा है। एनजीटी के आदेश पर गठित की गई संयुक्त जांच कमेटी ने इसकी पुष्टि की।

नगर निगम देहरादून के शीशमबाड़ा स्थित कंपोस्ट प्लांट से दूषित पानी आसन नदी में छोड़ा जा रहा है। एनजीटी के आदेश पर गठित की गई संयुक्त जांच कमेटी ने इसकी पुष्टि की है। इसके अलावा भी प्लांट परिसर में एकत्रित आरडीएफ तथा इनअर्ट की मात्रा क्षमता से काफी अधिक पाई गई है। जल्द तैयार की गई विस्तृत रिपोर्ट प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के माध्यम से एनजीटी को सौंपी जाएगी। इसके आधार पर कार्रवाई होगी।

खड़ा हो गया दो लाख 88 हजार मीट्रिक टन का पहाड़
रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि कंपनी के द्वारा प्रक्रिया से जनित दूषित पानी (गीले कूड़े से निकलने वाला लीचेट) बाउंड्री वाल तोड़कर बाहर निस्तारित किया जा रहा है। टीम को बरसात के दिनों में लीचेट आसन नदी में पहुंचने के साक्ष्य मिले हैं। इसके अलावा पाया गया है कि आरडीएफ का निस्तारण नियमानुसार नहीं किया जा रहा। इस वजह से प्लांट परिसर में दो लाख 88 हजार मीट्रिक टन के आसपास आरडीएफ का पहाड़ खड़ा हो गया है। रिपोर्ट में अप्रैल माह में आरडीएफ के ढेर में आग लगने की घटना का भी जिक्र किया गया है। वहीं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय के द्वारा अगस्त माह में पर्यावरण क्षतिपूर्ति आरोपित करने के लिए बोर्ड मुख्यालय को पत्र भी लिखा गया है। ऐसे में कंपनी के साथ नगर निगम की भी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

कंपनी पर लग चुका है 10 लाख का जुर्माना
रिपोर्ट के आधार पर एनजीटी की ओर से मामले पर सुनवाई होगी। मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खन्ना ने बताया कि पहले भी नगर निगम लापरवाही पाए जाने पर कंपनी पर दस लाख रुपये का जुर्माना लगा चुका है। संयुक्त टीम में क्षेत्रीय अधिकारी यूकेपीसीबी देहरादून आरके चतुर्वेदी, सहायक वैज्ञानिक अधिकारी एसके डिमरी, पर्यावरण विशेषज्ञ नमामि गंगे अक्षय कुमार, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट एक्सपर्ट पूजा मिश्रा,अधीक्षण अभियंता उत्तराखंड जल संस्थान मनीष सेमवाल, उप जिलाधिकारी सदर नरेश चंद्र दुर्गापाल, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अविनाश खन्ना आदि शामिल हैं। आज खुलेगा प्लांट का टेंडर नगर निगम में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का टेंडर गुरुवार को खुलेगा। निगम ने टेंडर जारी किया है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!