उत्तराखंड एसटीएफ ने रणदीप भाटी गिरोह के तीन शूटर किए गिरफ्तार, हथियार भी किए बरामद
मनोज शर्मा
उत्तराखंड पुलिस (एसटीएफ) ने लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना से देहरादून आए दिल्ली के कुख्यात रणदीप भाटी गिरोह के तीन शार्प शूटर को रविवार को गिरफ्तार करने का दावा किया है.
देहरादून : उत्तराखंड पुलिस (एसटीएफ) ने लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना से देहरादून आए दिल्ली के कुख्यात रणदीप भाटी गिरोह के तीन शार्प शूटर को रविवार को गिरफ्तार करने का दावा किया है. पुलिस के मुताबिक, ये तीनों शूटर उत्तर प्रदेश के नोएडा में बीटू थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति का अपहरण करने और उसे जान से मारने का प्रयास करने के एक मामले में भी वांछित थे.
एसटीएफ की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, हरियाणा के रेवाड़ी जिले के गुजरमाजरी के रहने वाले हरपाल, फरीदाबाद के गौरव कुमार चंदोला तथा उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी गौरव कुमार को शनिवार देर रात ट्रांसपोर्ट नगर में वाहनों की जांच के दौरान गिरफ्तार किया गया. उसमें बताया गया है कि इन बदमाशों के पास से दो पिस्तौल, एक देसी तमंचा एवं 12 कारतूस बरामद हुए हैं.पुलिस के पास कुख्यात रणदीप भाटी गिरोह के कुछ शूटर के किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए देहरादून आने की सूचना थी. इसके बाद एसटीएफ ने शहर आने वाले सभी रास्तों पर चौकसी बढ़ा दी थी.
- विज्ञप्ति में यह बताया गया कि तीनों बदमाशों की शस्त्र कानून के तहत गिरफ्तारी की गई है.विज्ञप्ति के मुताबिक, पूछताछ में तीनों ने बताया कि तीन अक्टूबर को उन्होंने बीटू थाना क्षेत्र में सांगा पंडित नाम के व्यक्ति का अपहरण कर उसे जान से मारने का प्रयास किया था, जिसमें वे लोग वांछित चल रहे हैं.
